भारतीय क्रिकेट में एक नया सितारा उभरकर सामने आया है। युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में इतिहास रच दिया। उन्होंने महज 37 गेंदों में शतक पूरा कर भारतीय क्रिकेट में सबसे तेज टी20 शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज का खिताब हासिल कर लिया अभिषेक शर्मा ने इस पारी से सभी क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया है और इंग्लैंड के गेंदबाजों की ऐसी धुनाई की है कि वह उन्हें हमेशा से याद रहेगी।
रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ने से चूके
टी20 इंटरनेशनल में भारत की ओर से सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अब भी रोहित शर्मा के नाम दर्ज है। रोहित ने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ 35 गेंदों में शतक जड़ा था। हालांकि, अभिषेक शर्मा सिर्फ दो गेंदों से इस रिकॉर्ड की बराबरी करने से चूक गए।
टी20I में भारत के सबसे तेज शतक
- 35 गेंद – रोहित शर्मा बनाम श्रीलंका (2017)
- 37 गेंद – अभिषेक शर्मा बनाम इंग्लैंड (2025)
- 40 गेंद – संजू सैमसन बनाम बांग्लादेश
- 41 गेंद – तिलक वर्मा बनाम दक्षिण अफ्रीका
- 45 गेंद – सूर्यकुमार यादव बनाम श्रीलंका
दुनिया में सबसे तेज टी20I शतक
अगर बात करें वर्ल्ड क्रिकेट की, तो सबसे तेज टी20 इंटरनेशनल शतक का रिकॉर्ड एस्टोनिया के साहिल चौहान के नाम है, जिन्होंने सिर्फ 27 गेंदों में शतक जड़ा था।
- 27 गेंद – साहिल चौहान (एस्टोनिया) बनाम साइप्रस (2024)
- 33 गेंद – जान निकोल लोफ्टी-ईटन (नामीबिया) बनाम नेपाल (2024)
- 33 गेंद – सिकंदर रजा (जिम्बाब्वे) बनाम गाम्बिया (2024)
- 34 गेंद – कुशल मल्ला (नेपाल) बनाम मंगोलिया (2023)
- 35 गेंद – डेविड मिलर (दक्षिण अफ्रीका) बनाम बांग्लादेश (2017)
अभिषेक शर्मा की धुआंधार पारी
मुंबई में खेले गए इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने 54 गेंदों में 135 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 7 चौके और 13 छक्के शामिल थे। उनकी जबरदस्त बल्लेबाजी की बदौलत भारतीय टीम ने 20 ओवरों में 8 विकेट पर 247 रन बनाए मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अभिषेक अभिषेक के नारे लग रहे थे और सभी दर्शक इस पारी का भरपूर आनंद ले रहे थे
युवराज सिंह ने की बड़ी मांग
अभिषेक शर्मा की इस पारी को लेकर उनके गुरु युवराज सिंह ने भी ट्वीट किया और कहा कि “यही वह स्तर है, जहां उन्हें खुद को साबित करना था। इस खिलाड़ी में दम है और इसे और मौके मिलने चाहिए।”
नए सुपरस्टार का आगमन
इस जबरदस्त प्रदर्शन के बाद क्रिकेट पंडितों का मानना है कि अभिषेक शर्मा आने वाले समय में भारतीय टीम के लिए एक बड़ा मैच-विनर साबित हो सकते हैं। उनके इस ऐतिहासिक प्रदर्शन ने भारतीय क्रिकेट फैंस के दिलों में खास जगह बना ली है।